Friday, April 26, 2024
Advertisement
  1. You Are At:
  2. News
  3. Articles
  4. Manjeet Negi
  5. will Bholenath break silence of Kedarnath?

क्या भोलेनाथ तोड़ेंगे केदारनाथ का सन्नाटा?

Manjeet Negi

पिछले साल मंदाकिनी नदी से आई प्रलय और इस बार भारी बर्फवारी के बीच 11वें ज्योर्तिलिंग भगवान केदारनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं। लेकिन सवाल ये है कि क्या आम श्रद्धालु इस बार केदारनाथ के दर्शन कर पाएंगे। मंदिर तक पहुँचने का रास्ता 4 से 5 फ़ीट बर्फ से पटा पड़ा है। मैंने केदारनाथ मन्दिर तक पहुँचने के लिये बनाये नये रास्ते से 19 किलोमीटर का पैदल रास्ता तय किया और देखा कि ये रास्ता कितना मुश्किल भरा है। पिछले साल तक पैदल रास्ता 14 किलोमीटर लंबा था। पिछले साल 16 और 17 जून को केदार घाटी में आई तबाही के बाद इस बार राज्य सरकार युद्ध स्तर पर मन्दिर तक पहुंचने का रास्ता बनाने और साफ़ सफाई का काम कर रही है। पिछले साल केदार घाटी में आई प्रलय को एक साल का वक्त होने जा रहा है। इंडिया टीवी संवाददाता मनजीत नेगी ने अपना पैदल सफ़र सोनप्रयाग से शुरु किया। पिछले साल तक केदारनाथ का पैदल रास्ता गौरीकुंड से शुरु होता था जो 14 किलोमीटर लंबा था।



ये नया रास्ता काफी कठिन और मुश्किलों से भरा है। हमारा अगला पड़ाव गौरीकुंड है। गौरीकुंड में केदारनाथ कि त्रासदी के दौरान काफी तबाही हुई। पैदल रास्ता बनाने का काम युद्ध स्तर पर चल रहा है। राज्य प्रशासन के लोग दिन रात काम में जुटे हुये हैं। गौरीकुंड के रास्ते में हमें एक दुर्घटनाग्रस्त हैलिकॉप्टर मिला। केदारनाथ की प्रलय के दौरान तीन हैलिकॉप्टर दुर्घटना के शिकार हुये थे। सबसे बड़ी दुर्घटना वायु सेना के एमआई-17 हैलिकॉप्टर की हुई थी जिसमें 18 लोगों की मौत हो गयी थी। अब हम जंगलचट्टी पहुँच चुके थे केदारनाथ की यात्रा में ये एक अहम पड़ाव है। जंगलचट्टी में बड़ी संख्या में लोगों की मौत हुई थी। अब यहां पर यात्रियों के लिये कुछ अस्थायी शिविर बनाये गये हैं। हमारी अगली मंजिल रामबाड़ा है। केदारनाथ मंदिर की यात्रा में रामबाड़ा सबसे अहम पड़ाव है। अब तक हम 13 किलोमीटर का रास्ता तय कर चुके थे। रामबाड़ा के हालात चौंकाने वाले थे त्रासदी के लगभग एक साल के बाद भी हालात बहुत ज्यादा बदले हुये नजर नहीं आ रहे थे। हर तरफ मलबा बिखरा हुआ है जिसमें अधजले शव और आपदा के शिकार लोगों का सामान शामिल है। इस इलाके में सड़क बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी ने 2200 करोड़ रुपए खर्च कर दिए हैं लेकिन आसपास घर, दुकानें सब नष्ट हैं।



पैदल यात्रा की असली चुनौती रामबाड़ा से शुरु होती है। नए रास्ते में मंदिर तक पहुँचने के लिये मंदाकनी नदी को पार करना है। लोक निर्माण विभाग और नेहरू इंस्टिट्यूट ऑफ़ माउंटनियरिंग के जवान मंदाकनी नदी पर पुल बनाने में जुटे हैं। रामबाड़ा से केदारनाथ मन्दिर तक रास्ता बनाने की जिम्मेदारी नेहरू इंस्टिट्यूट ऑफ़ माउंटनियरिंग और उत्तराखंड पुलिस को दी गयी है। निम के प्रिंसिपल कर्नल अजय कोठियाल ने बताया कि उनके जवान रामबाडा से केदारनाथ तक का रास्ता बनाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं। सिर्फ दो महीने के कम समय में इन लोगोँ ने ये रास्ता बनाने में कामयाबी हासिल की है। रास्ते में हमें कुछ ऐसे लोग मिले जो उस आपदा के गवाह रहे हैं उनमें से एक हैं बृजमोहन बिष्ट। इन्होनें आपदा के दौरान सबसे पहले रामबाड़ा पहुँचकर सैक़डों लोगों की जान बचायी थी। बृजमोहन अब रामबाड़ा से केदरनाथ तक रास्ता बनाने में मदद कर रहे हैं।


 
केदारनाथ से पांच किलोमीटर पहले से भारी बर्फ से ढका रास्ता शुरु हो जाता है। 4 से 5 फ़ीट बर्फ से ढका रास्ता। रात के 9 बजे हम केदारनाथ के पास लिनचौरी नामक जगह पर पहुंचे। केदारनाथ बेस कैंप के पास बर्फ काट कर चालीस गुणा चालीस फीट का हेलीपैड बनाने को लेकर पुलिस व निम के सैकड़ों कर्मचारी पिछले चार दिनों से बर्फ हटाने में जुटे थे। चार दिन के प्रयास के बाद उन्हें सफलता मिली। बुधवार को लगभग तीन बजे सेना का यह हेलीकॉप्टर केदारनाथ हेलीपैड में लैंड करने में सफल रहा। गुरुवार से नियमित रूप से यह गुप्तकाशी से केदारनाथ के लिए उड़ान भरेगा तथा जरूरी सामान केदारनाथ पहुंचाया जाएगा। केदारनाथ में ट्रांसफार्मर भी ले जाया जाना है, ताकि केदारपुरी में विद्युत व्यवस्था सुचारु की जा सके। इसी हेलीकॉप्टर की मदद से जरुरी सामान पहुंचाया जाएगा। अभी गौरीकुंड केदारनाथ पैदल मार्ग की स्थिति ठीक नहीं है, पैदल मार्ग पर हालांकि सैकड़ों मजदूर काम में जुटे हैं, लेकिन लिनचोली से आगे केदारनाथ तक बर्फीले रास्ते पर आवाजाही में खासी दिक्कत हो रही हैं। धूप निकलने के बाद बर्फ पिघल कर पैदल मार्ग पर आ रही है, जिससे पूरा मार्ग कीचड़ से लबालब हो रहा है और पैदल चलने वाले मजदूरों, कर्मचारियों को मार्ग पर चलने में खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। सुबह होने पर हमने देखा कि पूरी केदार घाटी बर्फ से ढकी है। 4 से 5 फ़ीट बर्फ को काटकर मन्दिर तक पहुंचने का रास्ता बनाया गया है। उत्तराखंड पुलिस और निम के लोग मन्दिर तक पहुँचने का रास्ता बना रहे हैं। इसके साथ ही ये लोग हैलीपैड की भी सफाई कर रहे हैं जिससे सामान और लोगों की आवाजाही शुरु हो सके। स्पेशल टास्क फ़ोर्स के प्रमुख डीआईजी जी एस मर्तोलिया के मुताबिक इस बार यात्रा के नए रूट के साथ केदारनाथ में एग्ज़िट रूट की भी प्लानिंग की जा रही है। ऐसी जगहों की पहचान की जा रही है जो आपदा की स्थिति में एग्ज़िट रूट हो सकता है। ऐसी जगहों पर मार्किंग की जा रही है।  उनका कहना है कि पिछले साल केदारनाथ में आई आपदा में ज्यादातर मौतें रास्तों में तीर्थयात्रियों के भटकने से हुई थीं। भारी बरसात, बारिश और भूस्खलन होने पर यात्रियों को समझ नहीं आया कि कैसे सुरक्षित जगह पर पहुंचा जाए।


 
मंदिर तक पहुँचने में एक और बड़ी परेशानी है मंदिर के पास मंदाकिनी नदी को पार करना। यहां पर कई बार अस्थायी पुल बनाया गया लेकिन वो नदी के तेज बहाव में टिक नहीं पाया। इसी अस्थायी पुल से एक एसडीएम की मौत हो गयी थी। चारों तरफ बर्फ से ढका भगवान केदारनाथ का मन्दिर। पिछले दो महीनों से प्रशासन मन्दिर के आसपास बर्फ हटाने और सफाई के काम में जुटा है। पहली बार हमनें देखा कि कुदरत के सामने इन्सान कितना बौना हो जाता है। पहले बाढ का कहर और अब बर्फ का कहर। प्रलय के लगभग एक साल के बाद भी मन्दिर के आसपास हालात जैसे के तैसे हैं। प्रलय के लगभग एक साल बाद भक्तो के लिये उम्मीद कि किरण ये कि तमाम मुश्किलों के बाद भी मन्दिर को सजाया संवारा जा रहा है। प्रलय के दौरान मंदिर को भी नुकसान पहुंचा उसको भी ठीक किया गया है। मंदिर का बायां द्वार बदलकर नया द्वार लगा दिया गया है। मंदिर की कुछ शिलाएं अभी भी बदली जानी बाकि हैँ। मंदिर के पीछे मन्दाकिनी नदी भी जम चुकी है। मन्दाकिनी नदी और गांधी सरोवर में बाढ़ आने से ही केदार घाटी में तबाही आई थी। प्रलय के बाद मैं पांचवी बार हालात का जायजा लेने केदार घाटी पहुंचा। इस भीषण तबाही से उभरने की कोशिश तो की जा रही है लेकिन अभी बहुत काम बाकि है।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement